फ़ॉलोअर

रविवार, 27 नवंबर 2022

राजा सब नंगे होते हैं

 राजा सब नंगे होते हैं।

कहने पर पंगे होते हैं।।


शीश झुकाकर जो जय बोलें,

बंदे वे चंगे होते हैं।।


लाज शरम सिखलाने वाले

जेहन के तंगे होते हैं।।


रंग-ढंग का ठेका जिन पर,

वे खुद बेढंगे होते हैं।।


'गला काटने वाले कातिल',

मत कहना, दंगे होते हैं।।

(हैदराबाद : 27/11/2022)

गुरुवार, 24 नवंबर 2022

यह डगर कठिन है, तलवार दुधारी है

यह डगर कठिन है, तलवार दुधारी है
घात लगा कर बैठा क्रूर शिकारी है

वे भला समर्पण-श्रद्धा क्या पहचानें
उनके हाथों में  नफ़रत की आरी है

ईरान कहें या अफ़ग़ानिस्तान कहें
घर-बाहर कोड़ों की ज़द में नारी है

मुट्ठी में ले जिसने आकाश निचोड़ा 
कोमल मन लेकर वह सबसे हारी है

आदम के बेटों के पंजे शैतानी 
नई सदी की यह त्रासद लाचारी है

(हैदराबाद : 24/11 2022)

शुक्रवार, 22 जनवरी 2021

यह समय है झूठ का

यह समय है झूठ का, अब साँच को मत  देख!

देख मत पंचायतों को, जाँच को मत देख!!


नेपथ्य से नाटक चलाता धूर्त  निर्देशक;

तू थिरकती पुतलियों के नाच को मत देख!


हाथ उसके की सफाई को पकड़ना है अगर;

तो लहरती उँगलियों के नाच को मत देख!


आग का दरिया तिरेगी, भूमि की बेटी;

तू नज़र उस पार रख, इस आँच को मत देख!


साँस जब तक शेष है, नाचना होगा यहाँ;

पाँव में जो चुभ रहा, उस काँच को मत देख!

19/1/2020

गुरुवार, 2 जुलाई 2015

पकने लगी फसल, रीझता किसान


पकने लगी फसल, रीझता किसान
जल्दी पकी फसल, रीझता किसान

ली सेठ ने खरीद, पैसे उछाल कर
खेतों खड़ी फसल, रीझता किसान

कर्जा उतर गया, सिर पर लदा हुआ
अच्छी हुई फसल, रीझता किसान

दो रोटियाँ मिलें, दो वक़्त के लिए
कुछ तो बची फसल, रीझता किसान

जो पौध गल गई थी, खाद बन गई
आई नई फसल, रीझता किसान
(137)                               [औरंगाबाद : 30/6/2015: 2307]

गुरुवार, 4 जुलाई 2013

सारे सपने आधे, जनता परेशान है

सारे सपने आधे, जनता परेशान है
सिर पर कुर्सी लादे, जनता परेशान है

लिए हाथ में लट्ठ अराजक टहल रहे हैं
किसकी मुश्कें बाँधे, जनता परेशान है

जल्लादों की फौज माँगने वोट चली है
इनके भाँप इरादे, जनता परेशान है

अपने हत्यारे चुनने की आज़ादी है
झुके हुए सिर-काँधे, जनता परेशान है

भरे जेब में पत्थर कब से घूम रही है
किस किस के सिर साधे, जनता परेशान है      [136]